गोरखपुर। तहसील मुख्यालय बांसगांव स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी) में नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। आजादी से पूर्व साल 1905 में स्थापित इस विद्यालय में कक्षा एक से लेकर आठ तक और कक्षा 9 से 12 तक व्यावसायिक एवं कला वर्ग में दाखिले किए जा रहे हैं। कॉलेज की प्रधानाचार्या सुगंधा शर्मा ने बताया कि अभिभावक इस बात का विशेष ध्यान रखें कि यह पूरी तरह से बालिका विद्यालय है और यहां कक्षा एक से लेकर 12वीं तक केवल बालिकाओं का ही प्रवेश लिया जाता है।
यह है प्रवेश का समय
कक्षा 9, 10, 11 और 12 में कला विषय और व्यावसायिक वर्ग में पढ़ने की इच्छुक छात्राएं तय समय पर विद्यालय आकर अपना नामांकन करा सकती हैं। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, इन कक्षाओं में प्रवेश के लिए सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक का समय निर्धारित किया गया है। इस दौरान छात्राएं या उनके अभिभावक कॉलेज कैंपस में संपर्क कर सकते हैं।
इन रोजगारपरक विषयों की भी है सुविधा
छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विद्यालय में रोजगारपरक शिक्षा पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। कक्षा 11 और 12 में रंगाई-पुताई, नर्सरी शिक्षण का प्रशिक्षण और शिशु प्रबंधन जैसे विषयों की पढ़ाई की व्यवस्था है। इसके अलावा, छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़े रखने के लिए विद्यालय में नियमित रूप से स्मार्ट क्लास की सुविधा भी उपलब्ध है।
जूनियर कक्षाओं के लिए मुफ्त सुविधाएं
विद्यालय में जूनियर कक्षाओं में पढ़ने वाली छात्राओं को शासन की ओर से कई सुविधाएं निशुल्क दी जा रही हैं। कक्षा 6, 7 और 8 में दाखिला लेने वाली सभी बालिकाओं को पढ़ाई के लिए मुफ्त किताबें और ड्रेस दी जाएगी। साथ ही, इन छात्राओं के लिए विद्यालय में नियमित रूप से मध्याह्न भोजन (मिड-डे मील) की भी समुचित व्यवस्था उपलब्ध है।
