गोरखपुर। शिक्षक कृष्ण मोहन सिंह आत्महत्या प्रकरण में नामजद और लंबे समय से फरार चल रहीं निलंबित बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) शालिनी श्रीवास्तव को मंगलवार सुबह गुलरिहा पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया।
22 फरवरी 2026 को मुकदमा दर्ज होने के बाद से वह पुलिस को चकमा दे रही थीं। शालिनी की गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था,वहीं एसएसपी डा. कौस्तुभ ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। हालांकि इस मामले का दूसरा आरोपित निलंबित लिपिक संजीव सिंह अभी भी फरार है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से बलिया जिले की रहने वाली शालिनी श्रीवास्तव की लोकेशन दिल्ली में मिली, जिसके बाद टीम ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।