लाइव
लाइव डेटा लोड हो रहा है...
गो गोरखपुर न्यूज़

अपना शहर

गतिविधियां

नगर निगम

विश्वविद्यालय

प्रशासन

अपराध

स्वास्थ्य

जीडीए

एम्स

मेडिकल कॉलेज

मदन मोहन मालवीय

जिला अस्पताल

शिक्षा जगत

उद्योग

गो स्पेशल

आसपास

Friday, July 3, 2026

डीडीयू: गोरखपुर विश्वविद्यालय ने जारी की अनंतिम श्रेष्ठता सूची, 7 जुलाई तक मांगी आपत्तियां

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने आगामी 45वें दीक्षांत समारोह की तैयारियों को तेज करते हुए स्नातक, स्नातकोत्तर और विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की अनंतिम श्रेष्ठता सूची जारी कर दी है। इस सूची में प्रथम प्रयास में सर्वाधिक सीजीपीए या अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। परीक्षा नियंत्रक की ओर से जारी इस प्रस्तावित सूची को विभिन्न संकायों और पाठ्यक्रमों के मेधावी छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक प्रदर्शन के आधार पर तैयार किया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि यह सूची अभी अंतिम नहीं है। यदि किसी भी विद्यार्थी को अपने अंक, सीजीपीए, रैंक या अन्य किसी भी तथ्य को लेकर कोई आपत्ति या दावा पेश करना है, तो वह प्रमाण-पत्रों के साथ अपनी शिकायत दर्ज करा सकता है। आपत्तियां स्वीकार करने की अंतिम समय सीमा 07 जुलाई, 2026 की शाम 5:00 बजे तक तय की गई है।

प्रशासनिक भवन में दर्ज करानी होगी आपत्ति

विद्यार्थियों को अपनी आपत्ति या दावा प्रशासनिक भवन स्थित अभिलेख कक्ष में स्वयं उपस्थित होकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित समय और तारीख के बाद मिलने वाली किसी भी आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न संकायों के विषयवार टॉपर्स की सूची भी सामने आ गई है। कला संकाय में बीए में मानसी भट्ट और बीएजेएमसी में कुमार सुधांशु सिंह ने पहला स्थान पाया है। वाणिज्य संकाय में बीकॉम में प्रियंका और बीबीए में श्रेया जायसवाल आगे रहीं, जबकि शिक्षा संकाय के बीएड में समरा फिरदौस ने बाजी मारी है। इंजीनियरिंग में बीटेक कंप्यूटर साइंस में शिवम सिंह और विधि संकाय के एलएलबी में कौशिकी शांडिल्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। विज्ञान संकाय की बात करें तो बीएससी में निधि यादव और एमएससी गणित में सुनीधी पहले स्थान पर रही हैं। कृषि संकाय के बीएससी कृषि में सुहानी पाण्डेय ने टॉप किया है।

ये रहे विश्वविद्यालय के प्रमुख टॉपर्स

विश्वविद्यालय के प्रमुख टॉपर्स की बात करें तो संपूर्ण स्नातक कला संकाय में सरस्वती देवी महाविद्यालय, नंदापार की मानसी भट्ट ने 9.43 सीजीपीए के साथ सर्वोच्च स्थान हासिल किया है। वहीं स्नातक (छात्र) वर्ग में द्रोपदी देवी विन्ध्याचल महाविद्यालय के हनुमान कुमार गोंड 9.12 सीजीपीए लेकर आगे रहे। स्नातक हिंदी विषय में अखिलभाग्य महाविद्यालय के रोशन गुप्ता ने 1700 में से 1529 अंक हासिल किए हैं। स्नातकोत्तर कला संकाय में विश्वविद्यालय परिसर की अन्नू निषाद (एमए संस्कृत) ने 8.96 सीजीपीए के साथ छात्राओं और पूरे संकाय में टॉप किया है। इसके अलावा सर्वोदय किसान महाविद्यालय, कौड़ीराम की मानवी सिंह ने एमए राजनीति विज्ञान में 8.17 सीजीपीए प्राप्त किया है।

विज्ञान संकाय में इन्होंने लहराया परचम

विज्ञान संकाय के स्नातक स्तर पर अखिलभाग्य महाविद्यालय, रनापार की निधि यादव ने 9.15 सीजीपीए लेकर टॉप किया है। स्नातक गणित विषय में सरस्वती देवी महाविद्यालय, खड्डा की साक्षी मिश्रा ने 1500 में से 1337 अंक हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की है। वहीं स्नातकोत्तर विज्ञान संकाय में दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय परिसर की सुनीधी (एमएससी गणित) ने 9.65 सीजीपीए के साथ सर्वोच्च प्रदर्शन किया है। विश्वविद्यालय इस सूची पर मिलने वाली आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम मेधा सूची जारी करेगा, जिसके आधार पर दीक्षांत समारोह में पदक और उपाधियां दी जाएंगी।

SponsoredLinks