लखनऊ में सजे मंच पर मिला सम्मान
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में 'संवेदना-2' सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया था. इस कार्यक्रम में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए रक्तवीरों, समाजसेवियों और संस्थाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया. इस खास मौके पर मानवता की सच्ची सेवा, स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देने, रक्तदान शिविरों के सफल आयोजन और लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए बेहतरीन कार्य करने वाली संस्थाओं और व्यक्तियों को 'नेशनल सोशल इम्पैक्ट अवार्ड' और 'वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस, इंग्लैंड' सम्मान प्रदान किए गए.
गोरखपुर न्यूज: 1,055 शिविरों में डीडीयू की सहभागिता
गौरतलब है कि 'संवेदना-2' अभियान के तहत पूरे देश भर में 1,055 रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया था. इस महाभियान में दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की सक्रिय सहभागिता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर काफी सराहा गया है. आपको बता दें कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान अमर शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के 94वें शहादत दिवस के विशेष अवसर पर आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य युवाओं में देशप्रेम और समाज सेवा की भावना जगाना था.
कुलपति ने दी बधाई, कहा- यह सेवा भाव का प्रतीक
विश्वविद्यालय को मिली इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने खुशी जाहिर की है. उन्होंने कहा, "यह सम्मान दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति प्रतिबद्धता और सेवा-भाव का प्रतीक है. रक्तदान जैसा महादान समाज के लिए जीवनदायी है और विश्वविद्यालय सदैव ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों में अग्रणी भूमिका निभाता रहेगा. मैं इस अभियान से जुड़े सभी सहयोगियों को हार्दिक बधाई देती हूं."