
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश पुलिस मुख्यालय, गोमती नगर विस्तार में शुक्रवार 03 जुलाई 2026 को आयोजित पिपिंग सेरेमनी में प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) से भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) में पदोन्नत अधिकारियों को रैंक प्रदान किया गया। इस दौरान पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने 1999 बैच के अधिकारी ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद को आईपीएस रैंक लगाकर सम्मानित किया। ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद वर्तमान में गोरखपुर में एसपी नार्थ (अपर पुलिस अधीक्षक) के पद पर तैनात हैं। वह एक तेजतर्रार और फील्ड में सक्रिय अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। इस समारोह के उपरांत पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट कर नई जिम्मेदारियों के निर्वहन को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया।
नवंबर 2025 से गोरखपुर में हैं तैनात
ज्ञानेंद्र नाथ प्रसाद ने नवंबर 2025 में गोरखपुर के एसपी नार्थ का कार्यभार ग्रहण किया था। तब से वह लगातार जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी कार्यशैली में सख्ती के साथ-साथ जनसुनवाई और त्वरित कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाती रही है, जिससे आम जनता में पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है।
गाजीपुर और इटावा में भी दी सेवाएं
अपने सेवा काल के दौरान उन्होंने गोरखपुर के अलावा गाजीपुर और इटावा जनपदों में भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर तैनात रहकर कार्य किया है। इन जनपदों में रहते हुए उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
डीजीपी ने दिया निष्ठा और अनुशासन का संदेश
पिपिंग सेरेमनी के दौरान डीजीपी राजीव कृष्ण ने पदोन्नति प्राप्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस सेवा अत्यंत जिम्मेदारी भरा कार्य है। उन्होंने जोर देकर कहा कि हर अधिकारी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने उत्तर प्रदेश पुलिस की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का भी आह्वान किया।